आम, फलों का राजा, गर्मियों में स्वाद और सेहत दोनों का प्रतीक बन जाता है। इसमें विटामिन A, C, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स की भरपूर मात्रा होती है। लेकिन सवाल यह है कि रात में आम खाना सेहत के लिए फायदेमंद है या नुकसानदायक? आइए इस पर एक विशेषज्ञ की दृष्टि से विचार करते हैं।
आम खाने के कई फायदे हैं, जैसे- इम्यूनिटी बढ़ाना, पाचन में सुधार, त्वचा और आंखों की सेहत बेहतर करना और ऊर्जा के स्तर को बढ़ाने में मदद करता है। लेकिन इन लाभों का असर इस बात पर भी निर्भर करता है कि आम को कब और कैसे खाया गया है, विशेषकर रात के समय।
पाचन तंत्र की दृष्टि से
रात के समय आम खाने को लेकर मिश्रित राय देखने को मिलती है। वहीं न्यूट्रिशन साइंस के अनुसार रात में शरीर का मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है। आम में नेचुरल शुगर (फ्रक्टोज़) और फाइबर अधिक होता है, जो भारीपन और गैस की समस्या पैदा कर सकता है। खासकर अगर आपने रात का खाना देर से या अधिक मात्रा में खाया है, तो आम खाना पाचन में बाधा डाल सकता है।
वजन और ब्लड शुगर के लिहाज़ से
यदि आप वजन घटाने की कोशिश कर रहे हैं या डायबिटिक हैं, तो रात में आम खाना आपके ब्लड शुगर लेवल को अचानक बढ़ा सकता है। इससे नींद की गुणवत्ता भी प्रभावित हो सकती है।
एक्सपर्ट की सलाह
रात में आम तभी खाएं जब आपका डिनर हल्का हो और आपने आम खाने के 1–1.5 घंटे बाद सोने की योजना बनाई हो। प्रत्येक बार 1 मध्यम आकार का आम ही खाएं, ज़्यादा नहीं। डायबिटीज, मोटापा या एसिडिटी से परेशान हैं, तो रात के समय आम खाने से बचें। आम खाने के बाद तुरंत पानी न पिएं। यह पाचन को प्रभावित कर सकता है।
रात में आम खाना पूरी तरह से नुकसानदेह नहीं है, लेकिन यह आपकी स्वास्थ्य स्थिति, भोजन के समय और नींद के पैटर्न पर निर्भर करता है। अगर आप संतुलित मात्रा में और सही समय पर आम खाते हैं, तो यह नुकसान नहीं पहुंचाता। लेकिन दिन के समय आम खाना अधिक सुरक्षित और लाभकारी माना जाता है।
