आजमगढ़| शारदा सहायक खण्ड-23 ठेकमा राजवाहा में शुक्रवार रात्रि बिना किसी शेड्यूल और सीजन के अचानक पानी छोड़े जाने से दो स्थानों पर तटबंध टूट गया, जिससे कस्बे के वार्ड नं-1 रविदास नगर, नइकी पोखरे और सरदारगंज गांव के पूर्वी सिवान के दक्षिणी हिस्से में पानी घुस गया। इससे सैकड़ों बीघा में खड़ी और काटी गई गेहूं की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई।
किसानों ने बताया कि पहले ही मौसम की मार झेल रहे थे, कटाई-मढ़ाई लगभग 75% तक भी नहीं हो पाई थी। ऐसे में अचानक राजवाहा में पानी आना विभागीय लापरवाही का प्रमाण है। ग्राम प्रधान दौलतपुर जितेंद्र यादव और सरदारगंज के प्रधान रामनरायन सरोज ‘जमालू’ ने अधिकारियों पर बिना सूचना के पानी छोड़ने का आरोप लगाया।
रविदास नगर स्थित नइकी पोखरे के पास तटबंध टूटने से कुसहा पुरवा समेत आसपास के खेतों में खड़ी फसल और रैपर से काटी गई गेहूं पानी में बह गई। किसान कंता यादव, रामचंद्र यादव सहित कई लोगों की सालभर की मेहनत और पशुओं के चारे का भी भारी नुकसान हुआ।
वार्ड के सभासद पति रामबचन ने बताया कि अकेले करीब 20 बीघा फसल डूब गई है। किसानों ने मुआवजा और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
