हर साल 31 मई यानि आज के दिन को विश्व तंबाकू निषेध दिवस (World No Tobacco Day) मनाया जाता है। यह दिन विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा तंबाकू और तंबाकू उत्पादों के सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य खतरों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए निर्धारित किया गया है। इस दिन विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, रैलियां, निबंध लेखन और स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं। इसका मुख्य उद्देश्य है -तंबाकू के दुष्परिणामों को उजागर करना और लोगों को इसकी लत छोड़ने के लिए प्रेरित करना।
इस दिवस की शुरुआत कहां और कब हुई थी?
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने 1987 में पहली बार यह दिन घोषित किया था। इसका उद्देश्य था-तंबाकू सेवन के खिलाफ वैश्विक स्तर पर एकजुट होकर चेतना फैलाना। शुरुआत में इसे केवल एक विशेष सप्ताह के रूप में मनाया गया था, लेकिन 1988 से इसे हर वर्ष 31 मई को “No Tobacco Day” के रूप में मनाया जाने लगा। WHO ने इस दिन को एक वैश्विक अभियान बनाया, ताकि सरकारें, संस्थान और आम नागरिक मिलकर तंबाकू के खतरे को समझें और इससे बचने के उपाय करें।
तंबाकू से होने वाले प्रमुख स्वास्थ्य खतरे
तंबाकू सेवन से कई गंभीर बीमारियां होती हैं जैसे-फेफड़ों का कैंसर, दिल की बीमारियां, हाई ब्लड प्रेशर, मुंह का कैंसर, और गर्भवती महिलाओं में जटिलताएं। यह न केवल सेवन करने वाले व्यक्ति को बल्कि उसके आसपास के लोगों (पैसिव स्मोकिंग) को भी प्रभावित करता है। WHO के अनुसार, तंबाकू सेवन से हर साल लगभग 80 लाख लोग मृत्यु का शिकार होते हैं, जिनमें 1.2 मिलियन लोग ऐसे होते हैं जो खुद तंबाकू नहीं पीते, बल्कि दूसरों के धुएं से प्रभावित होते हैं।
इस दिवस का उद्देश्य और महत्व क्या है?
इस दिवस का मुख्य उद्देश्य है-लोगों को तंबाकू और निकोटीन के घातक प्रभावों के प्रति जागरूक करना, विशेष रूप से युवाओं और किशोरों को। यह दिन न केवल स्वास्थ्य चेतना को बढ़ावा देता है, बल्कि यह नीति निर्माताओं को प्रोत्साहित करता है कि वे तंबाकू के प्रचार, बिक्री और सेवन पर कठोर नियम बनाएं। इस दिन पर तंबाकू छोड़ने वाले व्यक्तियों को प्रेरणा दी जाती है और विभिन्न डि-एडिक्शन कार्यक्रमों की जानकारी दी जाती है, जिससे वे स्वस्थ जीवन की ओर कदम बढ़ा सकें।
क्या कदम उठाए जा सकते हैं तंबाकू से बचाव के लिए?
शिक्षा और जागरूकता: स्कूलों और कॉलेजों में तंबाकू के नुकसान की जानकारी देना।
परिवार में संवाद: बच्चों को सही समय पर तंबाकू से होने वाले नुकसानों से अवगत कराना।
डॉक्टर की सलाह लेना: तंबाकू छोड़ने के लिए चिकित्सकीय सहायता प्राप्त करना।
नियमित योग और ध्यान: मन को शांत रखकर तंबाकू की लत से दूर रहना।
प्रेरक कहानियां साझा करना: जो लोग सफलतापूर्वक तंबाकू छोड़ चुके हैं, उनकी कहानियाँ दूसरों को प्रेरणा देती हैं।
IMPORTENT: एक छोटी सी लत, जीवनभर का संकट बन सकती है। विश्व तंबाकू निषेध दिवस केवल एक तारीख नहीं, बल्कि एक चेतावनी है-कि यदि अब नहीं जागे, तो स्वास्थ्य का भारी नुकसान हो सकता है। तंबाकू से दूर रहकर ही हम एक स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध जीवन की कल्पना कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें-Aerophobia: जब उड़ान बन जाती है डर-जानिए इसके कारण, लक्षण और इलाज

One thought on “World No Tobacco Day 2025: क्यों जरूरी है तंबाकू से दूरी बनाना?”