PM Modi Mann Ki Baat : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के जरिए एक बार फिर देशवासियों से संवाद किया। कार्यक्रम का यह 140वां एपिसोड था। इस दौरान प्रधानमंत्री ने युवाओं में नशे की बढ़ती चुनौती, सरकारी कर्मचारियों के डिजिटल प्रशिक्षण, खोए हुए मोबाइल फोन को वापस पाने के लिए संचार साथी ऐप और देश के ऐतिहासिक संग्रहालयों की उपलब्धियों जैसे कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
पीएम मोदी ने कहा कि ‘मन की बात’ समाज के हर वर्ग और देश के प्रत्येक हिस्से की उपलब्धियों को सामने लाने का मंच है। इस कार्यक्रम के माध्यम से समाज के सामने मौजूद चुनौतियों पर भी चर्चा की जाती है और लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस बार वह सबसे पहले नशे की लत जैसे गंभीर विषय पर बात करना चाहते हैं।
युवाओं के सपनों के सामने नशा बड़ी चुनौती
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया में भारतीय युवाओं की प्रतिभा की चर्चा हो रही है। देश के युवा बड़े-बड़े सपने देख रहे हैं और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी मेहनत कर रहे हैं। हालांकि, नशे की लत उनके भविष्य और सपनों के सामने बड़ी चुनौती बनती जा रही है।उन्होंने संतोष जताया कि देश में नशे के खिलाफ सामाजिक जागरूकता और सक्रियता बढ़ रही है। ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि ऐसे कई प्रेरक उदाहरण सामने आ रहे हैं, जहां युवाओं ने अपनी इच्छाशक्ति के दम पर नशे की लत को हराया है। कठिन परिस्थितियों से संघर्ष करके उन्होंने अपने जीवन को नई दिशा दी है।
iGOT कर्मयोगी प्लेटफॉर्म से सरकारी कर्मचारियों को प्रशिक्षण
प्रधानमंत्री मोदी ने सरकारी कर्मचारियों के लिए शुरू किए गए डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘iGOT कर्मयोगी’ की विशेषताओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि नई चीजें सीखने से जीवन में अलग तरह का आनंद मिलता है और सीखने की कोई उम्र नहीं होती। देश में लाखों सरकारी कर्मचारी अपनी नियमित जिम्मेदारियां निभाने के साथ-साथ नए कौशल सीखने के लिए समय निकाल रहे हैं।
पीएम मोदी के अनुसार, इस प्लेटफॉर्म पर सरकारी कर्मचारियों के लिए 17 भारतीय भाषाओं में 7 हजार से अधिक कोर्स उपलब्ध हैं। लाखों कर्मचारी इन पाठ्यक्रमों को पूरा कर चुके हैं। कोई आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सीख रहा है, तो कोई इंडियन साइन लैंग्वेज का प्रशिक्षण ले रहा है।उन्होंने बताया कि AI और नई तकनीक से जुड़े 200 से अधिक कोर्स उपलब्ध हैं। इन पाठ्यक्रमों के तहत सवा तीन करोड़ से ज्यादा कोर्स कंप्लीशन हो चुके हैं। प्रधानमंत्री ने इसे सरकारी कर्मचारियों में सीखने की बढ़ती इच्छा और तकनीकी बदलावों को अपनाने का सकारात्मक उदाहरण बताया।
संचार साथी ऐप से खोजा जा सकता है खोया मोबाइल
पीएम मोदी ने मोबाइल फोन खोने की समस्या पर भी बात की। उन्होंने कहा कि आज मोबाइल में संपर्क नंबर, तस्वीरें, जरूरी दस्तावेज और कई महत्वपूर्ण जानकारियां मौजूद होती हैं। ऐसे में फोन खो जाने पर व्यक्ति को काफी परेशानी होती है। लेकिन अब सरकार का डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘संचार साथी’ इस समस्या में मददगार साबित हो सकता है।प्रधानमंत्री ने बताया कि हर मोबाइल फोन की एक अलग पहचान होती है, जिसे IMEI नंबर कहा जाता है। संचार साथी इसी नंबर के जरिए खोए हुए मोबाइल को ब्लॉक कराने में मदद करता है। इसके लिए मोबाइल खोने पर सबसे पहले पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। इसके बाद संचार साथी प्लेटफॉर्म पर IMEI नंबर और जरूरी जानकारियां देकर फोन ब्लॉक कराया जा सकता है।
नया सिम डालने पर भी नहीं चलेगा ब्लॉक किया गया फोन
पीएम मोदी ने बताया कि मोबाइल ब्लॉक होने के बाद कोई दूसरा व्यक्ति उसमें नया सिम कार्ड डालकर भी उसका इस्तेमाल नहीं कर पाएगा। उन्होंने लोगों को इस डिजिटल सुविधा के बारे में जागरूक रहने की सलाह दी। संचार साथी के जरिए मोबाइल की सुरक्षा और खोए हुए फोन को वापस पाने की संभावना बढ़ सकती है।
बिहार म्यूजियम को दुनिया में मिला नौवां स्थान
प्रधानमंत्री ने देश के संग्रहालयों की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए लोगों से यात्रा के दौरान स्थानीय म्यूजियम देखने की अपील की। उन्होंने बताया कि पटना स्थित बिहार म्यूजियम को दुनिया के 100 बेहतरीन संग्रहालयों की सूची में नौवां स्थान मिला है। इस सूची में इसे पूरे एशिया में पहला स्थान हासिल हुआ है।पीएम मोदी ने कहा कि बिहार म्यूजियम ने इस सूची में पेरिस के प्रसिद्ध लूव्र म्यूजियम और न्यूयॉर्क के ‘द मेट’ जैसे चर्चित संग्रहालयों को भी पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने इसे भारत के लिए गर्व की उपलब्धि बताया।
वडनगर के अनंत अनादि म्यूजियम का भी किया उल्लेख
प्रधानमंत्री ने गुजरात के वडनगर में स्थित ‘अनंत अनादि वडनगर आर्कियोलॉजिकल म्यूजियम’ की भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि वडनगर में पुरातत्व विभाग की खुदाई के दौरान इतिहास के अलग-अलग कालखंडों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण वस्तुएं मिली थीं। जिस स्थान पर खुदाई हुई, उसी जगह पर इस संग्रहालय को विकसित किया गया है।यहां एक विशेष रास्ता बनाया गया है, जिसके जरिए पर्यटक जमीन के कई मीटर नीचे तक हुई खुदाई को देख सकते हैं। संग्रहालय में पांच हजार से अधिक प्राचीन कलाकृतियां भी प्रदर्शित की गई हैं। इससे लोगों को वडनगर के ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व को समझने का अवसर मिलता है।
वडनगर म्यूजियम को मिला रेड डॉट डिजाइन अवॉर्ड
पीएम मोदी ने बताया कि इसी महीने बर्लिन में वडनगर म्यूजियम को डिजाइन क्षेत्र का प्रतिष्ठित ‘Red Dot: Best of the Best Award’ मिला है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पाने वाला भारत का पहला संग्रहालय है।प्रधानमंत्री ने वडनगर को हजारों वर्षों से जीवंत शहर बताते हुए इसकी तुलना काशी से की। उन्होंने कहा कि उनका जन्म वडनगर में हुआ है और वह काशी के सांसद हैं। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले कांची कामकोटि पीठ के शंकराचार्य वडनगर पहुंचे थे और उन्होंने इस शहर को ‘गुजरात की काशी’ के रूप में पहचान दी थी।

