BRICS Summit 2026 : राजधानी दिल्ली 12 और 13 सितंबर 2026 को होने वाले BRICS Summit की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। इस महत्वपूर्ण शिखर सम्मेलन पर भारत ही नहीं, बल्कि दुनियाभर की नजरें टिकी हैं। सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मौजूदगी इसे खास बना रही है। तीनों देशों के शीर्ष नेताओं की संभावित मुलाकात को लेकर भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी चर्चा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने साझा किया तैयारियों का वीडियो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर भारत मंडपम में चल रही सम्मेलन की तैयारियों की झलक दिखाने वाला 26 सेकंड का वीडियो साझा किया। वीडियो के साथ प्रधानमंत्री ने लिखा, ‘BRICS 2026 के लिए सब तैयार है!’ वीडियो में शिखर सम्मेलन से पहले भारत मंडपम में की जा रही तैयारियों और आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं को दिखाया गया है।
राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था हुई बेहद कड़ी
BRICS Summit को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व स्तर तक बढ़ाया गया है। एयरपोर्ट, प्रमुख होटलों और भारत मंडपम के आसपास करीब 25 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। इनमें लगभग 15 हजार दिल्ली पुलिस के जवान शामिल हैं, जबकि बाकी सुरक्षा व्यवस्था अर्धसैनिक बलों के जवानों के जरिए संभाली जा रही है।
दिल्ली को सुरक्षा के लिए अलग-अलग सेक्टर में बांटा गया
सम्मेलन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी तरीके से संचालित करने के लिए दिल्ली को अलग-अलग सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर की जिम्मेदारी डीसीपी या एडिशनल डीसीपी स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है। सुरक्षा एजेंसियां एयरपोर्ट से लेकर आयोजन स्थल और विदेशी मेहमानों के ठहरने वाले होटलों तक लगातार निगरानी रखेंगी।
All set for BRICS 2026!@BricsIndia2026 pic.twitter.com/nXqqoBmoAm
— Narendra Modi (@narendramodi) September 10, 2026
पुतिन और शी जिनपिंग के दिल्ली पहुंचने की संभावना
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के 11 सितंबर को दिल्ली पहुंचने की संभावना जताई गई है। वहीं चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के 12 सितंबर को राजधानी पहुंचने की उम्मीद है। दोनों राष्ट्राध्यक्षों के पालम एयरफोर्स स्टेशन पर उतरने के बाद चाणक्यपुरी क्षेत्र स्थित होटलों में जाने की योजना बताई गई है।
विदेशी सुरक्षा टीमें पहले ही दिल्ली पहुंचीं
रूस और चीन के राष्ट्राध्यक्षों की सुरक्षा के लिए दोनों देशों की विशेष सुरक्षा टीमें पहले ही दिल्ली पहुंच चुकी हैं। संबंधित होटलों में इन टीमों ने सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली है। विदेशी सुरक्षा दलों के पास अत्याधुनिक हथियार और सुरक्षा उपकरण होने की जानकारी है। राष्ट्राध्यक्षों के ठहरने वाले हिस्से से लेकर होटल की छत और ग्राउंड फ्लोर तक सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
अलग-अलग होटलों में ठहरेंगे विदेशी मेहमान
BRICS Summit में शामिल होने वाले ज्यादातर विदेशी मेहमानों के ठहरने की व्यवस्था नई दिल्ली के अलग-अलग होटलों में की गई है। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति, इथियोपिया के प्रधानमंत्री, कजाकिस्तान के राष्ट्रपति और थाईलैंड के उप प्रधानमंत्री एवं वित्त मंत्री के एक ही होटल में ठहरने की योजना है। वहीं अबूधाबी के क्राउन प्रिंस तथा सऊदी अरब, बहरीन और ब्राजील के वित्त मंत्रियों के लिए दूसरे होटल की व्यवस्था बताई गई है।
पुतिन के साथ बांग्लादेश के वीआईपी मेहमान भी ठहरेंगे
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के लिए भी विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। जानकारी के मुताबिक वह बांग्लादेश के वीआईपी मेहमानों के साथ एक होटल में ठहरेंगे। विदेशी प्रतिनिधियों के आवागमन को देखते हुए राजधानी के प्रमुख मार्गों और आयोजन स्थल के आसपास सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था को भी सख्त किया गया है।
शनिवार को दोपहर भारत मंडपम पहुंचेंगे मेहमान
BRICS Summit में शामिल होने वाले राष्ट्राध्यक्षों और सरकार प्रमुखों के भारत मंडपम पहुंचने का कार्यक्रम भी निर्धारित किया गया है। शनिवार को विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्ष और सरकारों के प्रमुखों के दोपहर 1:30 बजे से 2:15 बजे के बीच भारत मंडपम पहुंचने की उम्मीद है। इसके लिए सुरक्षा और प्रोटोकॉल से जुड़ी तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
रविवार सुबह भी जारी रहेगा नेताओं का आगमन
रविवार को भी विदेशी मेहमानों के भारत मंडपम पहुंचने का सिलसिला जारी रहेगा। उपलब्ध कार्यक्रम के अनुसार, रविवार को विभिन्न राष्ट्राध्यक्षों और सरकार प्रमुखों के सुबह 8:50 बजे से 9:25 बजे के बीच आयोजन स्थल पहुंचने की संभावना है। सम्मेलन के दौरान वैश्विक और रणनीतिक मुद्दों पर चर्चा के साथ भारत की कूटनीतिक भूमिका पर भी दुनिया की नजर रहेगी।

