IPL 2025: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में लागू किए गए इम्पैक्ट प्लेयर नियम पर लगातार सवाल उठते रहे हैं। कई दिग्गज क्रिकेटरों ने पहले ही कहा था कि इस नियम से ऑलराउंडरों की भूमिका कम हो जाती है और खेल का संतुलन बिगड़ता है। अब न्यूजीलैंड के अनुभवी ऑलराउंडर जेम्स नीशम ने भी इस नियम को पूरी तरह गलत बताते हुए इसे समाप्त करने की मांग की है।
नीशम इस समय आईएलटी20 में दुबई कैपिटल्स की ओर से खेल रहे हैं। हाल ही में वह इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतरे थे, लेकिन केवल 16 रन ही बना पाए और गेंदबाजी में पहले ही ओवर में 22 रन दे बैठे। इस अनुभव के बाद उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को पर्याप्त तैयारी का समय मिलना चाहिए, लेकिन इम्पैक्ट प्लेयर नियम उन्हें अचानक अंतिम ग्यारह में शामिल कर देता है, जिससे वे मानसिक और शारीरिक रूप से तैयार नहीं हो पाते।
गौरतलब है कि आईपीएल में यह नियम 2023 से लागू किया गया था। भारतीय टीम के पूर्व कोच राहुल द्रविड़, पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली भी इस नियम के खिलाफ अपनी राय रख चुके हैं। उनका कहना था कि इससे ऑलराउंडरों को नुकसान होता है और खेल का संतुलन प्रभावित होता है। नीशम ने इसे “बेमतलब का नियम” बताते हुए कहा कि यह खिलाड़ियों को उनके कमजोर पक्षों पर काम करने से रोकता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि युवा खिलाड़ी क्षेत्ररक्षण पर ध्यान क्यों देंगे, जब उन्हें मैदान से बाहर कर दिया जाएगा।
नीशम ने कहा, “अगर आपको लगता है कि आप नहीं खेल रहे हैं, तो आप गेम से पहले कभी भी ठीक से ट्रेनिंग नहीं कर सकते। अंतिम समय में टीम में शामिल किए जाने से खिलाड़ी अपने खेल को आगे नहीं बढ़ा पाते।” उन्होंने यह भी कहा कि यह नियम खिलाड़ियों को बेहतर क्षेत्ररक्षक बनने से रोकता है और कुल मिलाकर खेल के विकास के लिए हानिकारक है।
जेम्स नीशम दुनियाभर की टी20 लीग में खेल चुके हैं और लगभग 30 टीमों का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि अब वह अपने करियर के अंतिम दौर में हैं। 35 वर्षीय नीशम ने कहा कि फरवरी में होने वाला टी20 विश्व कप उनका अंतिम अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट होगा।
नीशम की यह टिप्पणी एक बार फिर इम्पैक्ट प्लेयर नियम को लेकर बहस को तेज कर सकती है। क्रिकेट जगत में इस नियम को लेकर मिश्रित प्रतिक्रियाएं रही हैं, लेकिन नीशम जैसे अनुभवी ऑलराउंडर की आलोचना से यह स्पष्ट है कि खिलाड़ियों के बीच असंतोष गहराता जा रहा है।
यह भी पढ़ें-T20 sixes record: अभिषेक शर्मा का टी20 में नया मुकाम, 2025 में लगाए 101 छक्के

One thought on “IPL 2025: जेम्स नीशम बोले-आईपीएल का इम्पैक्ट प्लेयर नियम बेकार”