सोनभद्र| चोपन क्षेत्र के कोटा ग्राम पंचायत के कई टोलों में पेयजल संकट गहरा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि छिकराडांड, जडगा खाड़ी, भवानी कटरिया, गौराही, अहिराडेरा, अगरिया बस्ती, बसुधा, कजरहट, और गोरा दह जैसे क्षेत्रों में जल स्तर तेजी से गिर रहा है। सरकारी हैंडपंप पानी देना बंद कर रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को भीषण गर्मी में पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि “हर घर नल योजना” के अंतर्गत कुछ स्थानों पर नल लगाए गए हैं, लेकिन वे भी समय पर पानी नहीं देते। कई क्षेत्रों में नल अभी तक स्थापित नहीं किए गए हैं। इससे पहले पंचायत द्वारा पानी की कमी को टैंकर के माध्यम से पूरा किया जाता था, लेकिन वर्तमान में यह व्यवस्था बंद है।
गर्मी के बढ़ते प्रभाव और पानी की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए, ग्रामीणों ने डीएम का ध्यान आकर्षित किया और पानी के टैंकर की शीघ्र व्यवस्था की मांग की। उन्होंने आग्रह किया कि सरकार इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए।
इस संबंध में एडीओ पंचायत ने आश्वासन दिया कि जहां “हर घर नल योजना” के अंतर्गत नल लग चुके हैं, वहां पेयजल की समस्या की पहचान होने पर प्रधान/सचिव के माध्यम से टैंकर की व्यवस्था की जाएगी। ग्रामीणों ने जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई।
